NIT रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यशाला में नवाचार मॉडल ने जीता सबका दिल, अक्टूबर में दिल्ली में छत्तीसगढ़ का करेंगी प्रतिनिधित्व
उतई। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर में फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (NITRRFIE) द्वारा राज्य स्तरीय चयनित इंस्पायर अवार्ड मॉडल के विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। ‘विकसित भारत 2047 के नवाचार तकनीक’ के उद्देश्य से यह कार्यशाला 2 और 3 सितंबर 2026 को आयोजित की गई थी। इस आयोजन में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उतई की प्रतिभावान छात्रा सेजल साहू ने अपनी बौद्धिक क्षमता और नवाचार का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर (नेशनल) के लिए अपनी जगह पक्की की है।
सेजल का यह मॉडल विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती चंद्रकिरण साहू के संरक्षण तथा भौतिकी व्याख्याता ईश्वर सोनबेर के कुशल मार्गदर्शन में तैयार किया गया है।
अक्टूबर में दिल्ली में करेंगी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व
मार्गदर्शक शिक्षक ईश्वर सोनबेर ने छात्रा को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि सेजल साहू आगामी अक्टूबर 2026 में देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय और क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगी।
विद्यालय और नगर में खुशी की लहर
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती चंद्रकिरण साहू ने छात्रा की इस ऐतिहासिक सफलता पर सेजल, उनके परिवार तथा समस्त उतई वासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि “यह उपलब्धि न केवल हमारे विद्यालय के लिए, बल्कि पूरे उतई नगर और जिले के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। अपनी सफलता पर खुशी जताते हुए सेजल साहू ने इसका श्रेय विद्यालय की प्राचार्या, अपने मार्गदर्शक शिक्षक श्री ईश्वर सोनबेर और समस्त गुरुजनों के सही दिशा-निर्देशन को दिया।
इस उपलब्धि में इंस्पायर अवार्ड प्रभारी श्रीमती नमिता बंसल, शिक्षक पीयूष पंकज, श्रीमती रोमा साहू एवं शाला परिवार के सभी शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सेजल के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रीय स्तर पर सफलता की मंगलकामना की है।





