उतई। नगर पंचायत उतई के वार्ड क्रमांक 05 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र 05 में नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू के सहयोग से शिशु संरक्षण माह का ब्लॉक स्तरीय उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र 06 माह से 05 वर्ष के शिशुओं एवं छोटे बच्चों को विटामिन ए, आयरन सिरप के साथ साथ स्वास्थ्य, पोषण एवं समुचित विकास के प्रति अभिभावकों और समुदाय में जागरूकता बढ़ाना तथा बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर उपस्थित लोगों को जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, पोषण एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। साथ ही बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए उचित पोषण और समय-समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। सभी अतिथियों ने शिशु संरक्षण माह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े मैदानी कार्यकर्ताओं ने भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का संकल्प लिया तथा शासन की स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र बच्चों एवं परिवारों तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में नगर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा नागरिकों की सहभागिता से शिशु संरक्षण माह के सफल आयोजन की शुरुआत हुई। उपस्थित सभी लोगों ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
समारोह में ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉक्टर देवेंद्र किशोर बेलचंदन, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (BPM) राजेंद्र वर्मा, गणमान्य नागरिक लक्ष्मीनारायण साहू, सतीश चंद्राकर, चंदू देवांगन, शशिकांत वर्मा, राकेश वर्मा, स्टाफ सुमिता घोष, दीपमाला देशलहरे, दुलेश्वरी, लक्ष्मी बम्भोले, धनेश्वरी साहू, फुलेश्वरी देवांगन सेक्टर सुपरवाइजर मुकेश कुमार मेश्राम आदि उपस्थित रहे।





