उतई। उतई थाना क्षेत्र में भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन 6 लेन सड़क पर ड्यूटी के दौरान एक युवक की हाईवा की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
रोड किनारे ड्यूटी कर रहा था विजय
प्रार्थी दुर्गेश बघेल (22 वर्ष), निवासी गांधी चौक उतई ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह रुगंटा कॉलेज भिलाई में आईटीआई के इलेक्ट्रिशियन ट्रेड का छात्र है। उसका छोटा भाई विजय बघेल एसएमएस कंपनी में भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन 6 लेन सड़क पर वाहन एंट्री का काम करता था।
तेज रफ्तार हाईवा ने मारी टक्कर
रिपोर्ट के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 की रात विजय बघेल खोपली रोड स्थित 6 लेन सड़क के किनारे ड्यूटी पर खड़ा था। इसी दौरान हाईवा क्रमांक CG07CD1808 के चालक रुपेश ठाकुर ने तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। हादसे में विजय बघेल की मौके पर ही मौत हो गई।
मोबाइल पर मिली हादसे की सूचना
घटना की जानकारी दुर्गेश बघेल को मोबाइल फोन के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही वह तत्काल घटनास्थल पहुंचा और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज
प्रार्थी की रिपोर्ट पर उतई पुलिस ने अपराध क्रमांक 0228/26 दर्ज कर हाईवा चालक रुपेश ठाकुर के खिलाफ धारा 184 एलकेएस और 106(1) बीएनएस के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।





