कुरुद में महानदी मुख्य नहर के गेट नंबर-3 के पास मिला था 30 से 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव; समिति ने विधि-विधान से किया 76वें लावारिस शव का अंतिम संस्कार
धमतरी। छत्तीसगढ़ के कुरुद में इंसानियत और सेवा की मिसाल पेश करते हुए वंदेमातरम परिवार एवं बोल बम सेवा समिति ने गुरुवार को बरसते पानी के बीच एक अज्ञात शव का अंतिम संस्कार किया। महानदी मुख्य नहर के गेट नंबर-3 के पास मिले इस शव की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई गई है। बिरेझर पुलिस चौकी की अनुमति से कुरुद के हिंदू मुक्तिधाम में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।
76वें लावारिस शव का विधि-विधान से अंतिम संस्कार
समिति के अनुसार, यह 76वां लावारिस शव है, जिसका अंतिम संस्कार कर सद्गति प्रदान की गई। शव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सदस्यों ने मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। विपरीत मौसम के बावजूद समिति के सदस्यों ने मानवीय संवेदना के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई।
पुलिस टीम ने भी किया सहयोग
इस दौरान वंदेमातरम परिवार के अध्यक्ष एवं बोल बम सेवा समिति के अध्यक्ष भानु चंद्राकर, उपाध्यक्ष नंद आमदे, कोषाध्यक्ष भारत साहू, कृष्णा ढीमर, सीताराम, राजा चंद्राकर, रवि यादव और गोविंदा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। पुलिस टीम से एएसआई इशु साहू, प्रधान आरक्षक महेश पटेल, आरक्षक नैनदास बांधे, डॉ. गौरव नेताम एवं पुलिस स्टाफ के शैलेन्द्र साहू ने सहयोग किया।





