माना थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात; विवाद के बाद प्रेमी ने पेट्रोल डालकर लगाई आग, आरोपी फरार
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
कन्वेंटिंग रोड में हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच माना बस्ती के बरौंदा जाने वाले कन्वेंटिंग रोड स्थित एटीसी के पीछे गेट नंबर-5 के पास हुई। मृतका की पहचान राजकुमारी साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी वीरू धीवर उसका प्रेमी था।
2021 से चल रहा था अफेयर
बताया जा रहा है कि राजकुमारी साहू आरंग क्षेत्र की रहने वाली थी। आरोपी वीरू धीवर से उसका वर्ष 2021 से प्रेम संबंध था। वीरू भी आरंग का रहने वाला बताया गया है। इसी वर्ष आरोपी ने राजकुमारी साहू की सास पर फावड़े से हमला कर दिया था। इसके बाद महिला अपने पति और ससुराल पक्ष से अलग रह रही थी।
विवाद के बाद पेट्रोल डालकर लगाई आग
घटना वाले दिन राजकुमारी साहू और वीरू धीवर दोनों साथ थे। आशंका जताई जा रही है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने अपनी प्रेमिका पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी महिला चीखने-चिल्लाने लगी और मदद की गुहार लगाती रही।
60 प्रतिशत तक झुलसी थी महिला
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसी राजकुमारी साहू को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया गया कि महिला करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी। सोमवार को इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद आरोपी वीरू धीवर फरार है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वारदात के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।





