उतई। प्रिज्म कॉलेज ऑफ फार्मेसी में डी. फार्मा द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए भव्य विदाई समारोह “लम्हे 2026” का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अत्यंत उत्साह, उमंग एवं भावनात्मक वातावरण के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रूपेश कुमार गुप्ता चेयरमैन, प्रिज्म ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में ख्याति साहू डायरेक्टर, प्रिज्म ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, डॉ अंजना शरद प्राचार्य, प्रिज्म स्कूल ऑफ एजुकेशन, डॉ सीमा कश्यप, प्राचार्य, प्रिज्म कालेज ऑफ फ़ॉर्मेसी तथा ललित साहू प्राचार्य प्रिज्म आई .टी. आई उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें नृत्य, गीत, मनोरंजक गतिविधियाँ एवं विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान डी. फार्मा द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों की उपलब्धियों एवं महाविद्यालय में बिताए गए सुनहरे पलों को भी साझा किया गया।
मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा जीवन में अनुशासन, परिश्रम एवं समर्पण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति सदैव प्रेरित रहने का संदेश दिया।
इस संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय डी. फार्मा प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा किया गया। यह आयोजन प्रिज्म कॉलेज के व्याख्याता खिलेंद्र ठाकुर, बी. सिबानी पात्रा, कंचन चौधरी एव चंचल साहू के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट सहयोग, अनुशासन एवं टीमवर्क से कार्यक्रम को सफल बनाया।
अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया तथा डी. फार्मा द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी गई। समारोह “लम्हे 2026” सभी के लिए यादगार एवं प्रेरणादायक रहा।
प्रिज्म कॉलेज ऑफ फार्मेसी में आयोजित हुआ भव्य विदाई समारोह “लम्हे 2026”

Leave a Comment




