उतई। भारतीय जनता पार्टी उतई मंडल के द्वारा पार्टी का स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में मंडल अध्यक्ष श्रीमती शीतला ठाकुर मुख्य अतिथि रहीं। उतई नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती साहू ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण और वंदे मातरम गीत के साथ हुई।अपने संबोधन में उतई नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती साहू ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक दल का स्थापना दिवस नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा, विचारधारा और समर्पण की यात्रा का उत्सव है। उन्होंने बताया कि भाजपा की स्थापना 1980 में हुई थी, जिसकी जड़ें भारतीय जनसंघ की राष्ट्रवादी विचारधारा में हैं।
भाजपा उतई मंडल अध्यक्ष श्रीमती शीतला ठाकुर ने इस बात पर जोर दिया कि भाजपा केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से प्रेरित एक जन आंदोलन है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र को अपनाया है। देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाने का संकल्प इसकी पहचान बन चुका है। उन्होंने गरीब कल्याण योजनाओं, बुनियादी ढांचे के विकास और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ाने जैसे क्षेत्रों में भाजपा के कार्यों का भी उल्लेख किया।
पूर्व मंडल अध्यक्ष फत्तेलाल वर्मा ने उन महान विभूतियों को याद किया, जिनके त्याग और तपस्या से यह संगठन इस मुकाम पर पहुँचा है। मंडल महामंत्री प्रवीण यदु ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उनके आदर्श हमें ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि पार्टी गरीब, किसान, युवा और महिला सहित हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, एकजुट होकर कार्य करने और जिले को विकास व संगठन के क्षेत्र में एक आदर्श जिला बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री चंदू देवांगन व आभार व्यक्त नगर भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण साहू ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पार्षद सोनू राजपूत, लोकेश्वर चंद्राकर, घनश्याम चंद्राकर, लेखराम साहू, संगीता रजक, ममता चंद्राकर, दनेश्वरी देशमुख, सुनीता चंद्राकर, विजय लक्ष्मी साहू, मोतिम ठाकुर, रमेश गजपाल, रामरतन मेश्राम, सोमन साहू, विनोद, सतीश चंद्राकर, लक्ष्मीनारायण साहू, फलेंद्र सिंह राजपूत, शिवनारायण देशमुख, ललित देवांगन, हेमंत टंडन, ताकेश्वर साहू, मुकेश देवांगन, गीतेश ठाकुर, करण सेन, ओमन लाल साहू, गिरेश शर्मा सहित अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्तागण उपस्थित रहें।





