धमतरी। रविवार की सुबह राज्यपाल के धमतरी दौरे से ठीक पहले कलेक्टोरेट के पास की कॉलोनी में अचानक एक भालू घुस गया। शहर में उच्चस्तरीय तैयारी चल रही थी और इसी बीच हुई इस घटना ने प्रशासन को तुरंत अलर्ट मोड पर ला दिया। फॉरेस्ट विभाग, पुलिस और रायपुर की ट्रैंक्यूलाइजिंग टीम घंटों तक भालू की तलाश में जुटी रही, जिसके बाद उसे झाड़ियों से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
कॉलोनी में भालू दिखने से मचा हड़कंप
घटनास्थल कलेक्टोरेट के पास की कॉलोनी है, जहां अचानक भालू को घूमते देख लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। देखते ही देखते पूरा इलाका दहशत में आ गया। लोगों को घरों के अंदर रहने की हिदायत दी गई और कॉलोनी में अलर्ट जारी किया गया।
झाड़ियों में छुपा मिला भालू
फॉरेस्ट टीम ने खोजबीन की तो भालू कलेक्टोरेट के नजदीक झाड़ियों में छुपा मिला। टीम ने इलाके की घेराबंदी कर रेस्क्यू प्रक्रिया शुरू कर दी। सुरक्षा की दृष्टि से पास के सभी सरकारी अधिकारियों को भी सचेत कर दिया गया।
राज्यपाल के आगमन से पहले बढ़ी प्रशासन की चिंता
धमतरी में राज्यपाल के निर्धारित दौरे की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच भालू के शहर में प्रवेश करने की खबर से प्रशासन सतर्क हो गया। अतिरिक्त पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर तैनात कर दी गईं।
रायपुर से पहुंची ट्रैंक्यूलाइजिंग टीम, 1 घंटे चला रेस्क्यू
भालू को सुरक्षित पकड़ने के लिए रायपुर से ट्रैंक्यूलाइजिंग एक्सपर्ट की टीम बुलाई गई। लगभग 1 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन सफल रहा और भालू को सुरक्षित काबू में कर लिया गया। डॉक्टरी जांच में भालू के शरीर में पानी की कमी पाई गई, जिसके बाद उसे ग्लूकोज़ दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भालू की हालत स्थिर है।
खुले जंगल में छोड़ा जाएगा भालू
धमतरी DFO के अनुसार भालू ने किसी भी व्यक्ति या संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया। फिलहाल वह पूरी तरह सुरक्षित है और वन विभाग की टीम उसे जंगल के सुरक्षित क्षेत्र में छोड़ने के लिए रवाना हो चुकी है।





