नगर कांग्रेस कमेटी उतई के अध्यक्ष ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन
उतई। नगर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी उतई ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द निराकरण करने की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से मुख्य रूप से तीन प्रमुख मुद्दों की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया। नगर के वार्डों में अंधेरा हो गया है और त्योहारों के मौसम के बावजूद नगर के 15 वार्डों के बिजली के खंभों में पिछले तीन महीनों से लाइटें बंद हैं, जिससे सड़कों पर अंधेरा छाया हुआ है।
इस विषय में सीएमओ का कहना है कि पहले उनके पास सीधे लाइट खरीदकर लगाने का अधिकार था, लेकिन वर्तमान में शासन ने यह सुविधा बंद कर दी है। अब केवल पार्षद या अध्यक्ष निधि से ही लाइटें लगाई जा सकती हैं, जिस वजह से यह समस्या बनी हुई है। कांग्रेस कमेटी ने इसका त्वरित विकल्प तलाशकर व्यवस्था सुधारने का आग्रह किया।
सड़कों का समतलीकरण
नगर के मुख्य मार्गों में जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। जिससे दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए सड़कों के जल्द से जल्द समतलीकरण की मांग की गई है।
कीटनाशक छिड़काव व फॉगिंग
बरसात के मौसम के कारण नालियों में कीटाणु और मच्छर पनप रहे हैं। बीमारियों के खतरे को रोकने के लिए नालियों में दवाई डालने और फॉग मशीन से धुआं छोड़कर मच्छरों से राहत दिलाने की अपील की गई है।
इस दौरान नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रहलाद वर्मा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष डिकेंद्र हिरवानी, जिला कांग्रेस सचिव बहादुर नेताम, नेता प्रतिपक्ष द्वारिका साहू, पूर्व पार्षद वीरेंद्र गोस्वामी, तोषण साहू, मंडल उपाध्यक्ष भावेश साहू, टीकम डौंडे, धनंजय नेताम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।





