लोरमी। छत्तीसगढ़ के लोरमी में अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र के ग्राम जाकड़बांधा में सुबह मानवता और बहादुरी की मिसाल देखने को मिली। पानी भरने के दौरान गहरे कुएं में गिर गई एक महिला की जान गांव के एक सामाजिक कार्यकर्ता की तत्परता और साहस के कारण बच गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में उनके इस जज्बे की सराहना हो रही है।
इलाके में मचा हड़कंप
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सुरही निवासी बजरहिन बैगा (45 वर्ष) रविवार सुबह पानी भरने के लिए कुएं पर पहुंची थीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे सीधे गहरे कुएं में जा गिरीं। महिला के कुएं में गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सामाजिक कार्यकर्ता ने बचाई महिला की जान
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्राम जाकड़बांधा के सामाजिक कार्यकर्ता दिलहरन मसराम ने बिना समय गंवाए साहसिक कदम उठाया। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना कुएं में उतरकर महिला तक पहुंच बनाई और काफी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया
दिलहरन मसराम की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। महिला को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने दिलहरन मसराम की बहादुरी, मानवता और सेवा भावना की जमकर प्रशंसा करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।





