बारनयावारा अभयारण्य से निकलकर एक बायसन आस पास के गांवों में पहुंच गया। यहां तीन गांवों में उसने तीन लोगों पर हमला कर दिया।
रायपुर। बार नयापारा क्षेत्र में मंगलवार की सुबह जंगली बायसन (गौर) के आतंक ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी। सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच एक ही घंटे में बायसन ने तीन अलग-अलग गांवों में हमला कर एक ग्रामीण की जान ले ली, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
गजराडीह में 46 वर्षीय ग्रामीण की मौत
जानकारी के अनुसार, पहली घटना ग्राम गजराडीह में हुई, जहां 46 वर्षीय देवेंद्र साहू पिता पांडव साहू पर बायसन ने अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि, देवेंद्र सुबह अपने काम से निकले थे, तभी बायसन ने उन पर सींग से हमला कर दिया। हमले में उनके पेट पर करीब 4 से 5 इंच गहरा घाव हो गया और वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान आज सुबह उनकी मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर है।
दो गांवों की दो महिलाओं पर हमला, दोनो घायल
इसके बाद बायसन ग्राम मुरूमडीह पहुंचा, जहां उसने 36 वर्षीय पंचबाई ठाकुर पति दुलार सिंह ठाकुर पर हमला कर दिया। हमले में उनकी जांघ पर गंभीर चोट आई है। बायसन का हमला यहीं नहीं रुका और वह ग्राम रवान पहुंच गया, जहां 60 वर्षीय गायत्री यादव को निशाना बनाया। हमले में उनकी जांघ पर गहरा घाव आया है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान उनके पैर में 8 से 9 टांके लगाए गए हैं। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
ग्रामीणों में दहशत
एक घंटे के भीतर गजराडीह, मुरूमडीह और रवान गांव में हुए लगातार हमलों से ग्रामीणों में भारी दहशत है। लोगों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि क्षेत्र में जंगली वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर समय रहते कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया।
घायलों का इलाज और मृतक के लिए मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक देवेंद्र साहू के परिवार को उचित मुआवजा और आश्रित को सहायता देने, घायल महिलाओं के बेहतर और नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था करने तथा वन विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार गश्त कर बायसन को आबादी वाले इलाके से दूर खदेड़ने की मांग की है।





