बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया है। सेंट्रल यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाली एक होनहार छात्रा ने कथित रूप से शादी के दबाव और पारिवारिक तनाव के चलते अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सुबह उसका शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
दो वर्षों से बिलासपुर में रह रही थी छात्रा
मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र स्थित रिवर व्यू कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक 20 वर्षीय छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फांसी पर लटका मिला। मृतका की पहचान रायगढ़ निवासी सृष्टि गुप्ता के रूप में हुई है, जो गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में बीए एलएलबी सेकंड ईयर की छात्रा थी और पिछले दो वर्षों से यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी।
पंखे से लटकता मिला छात्रा का शव
मंगलवार सुबह जब छात्रा अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो आसपास रहने वाली अन्य छात्राओं को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर देखा तो छात्रा का शव पंखे से लटका मिला।
मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, वहीं मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
परिजनों ने डाला था शादी का दबाव
घटना के बाद मौके पर मौजूद सहपाठियों के बीच चर्चा रही कि छात्रा पर परिजनों द्वारा शादी के लिए दबाव बनाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि, वह सोमवार रात दोस्तों के साथ थी और मंगलवार तड़के करीब 4 बजे अपने कमरे पर लौटी थी, जिसके कुछ समय बाद यह घटना सामने आई।
किसी बात को लेकर पिता से हुआ था विवाद
कोनी थाना प्रभारी के अनुसार, पूछताछ में यह भी सामने आया है कि, एक दिन पहले छात्रा का अपने पिता से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।





