कोरबा। सोशल मीडिया का क्रेज एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में रील बनाने के दौरान 25 वर्षीय युवक निखिल सिंह की अहिरन नदी में डूबकर मौत हो गई। पूरी घटना वीडियो में कैद है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रील बनाने के चक्कर में हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, निखिल सिंह SECL कुसमुंडा कर्मचारी का बेटा था और मंगलवार दोपहर अपने तीन दोस्तों के साथ अहिरन नदी में नहाने गया था। नहाते समय उसने ऊंचाई से छलांग लगाकर रील बनाने का फैसला किया। दोस्तों ने मोबाइल कैमरा ऑन कर वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
तीन मिनट तक तड़पता रहा युवक
वीडियो में साफ दिख रहा है कि छलांग लगाने के बाद निखिल करीब तीन मिनट तक पानी में हाथ-पैर मारते हुए संघर्ष करता रहा। लेकिन उसके दोस्त इसे मज़ाक या रील की एक्टिंग समझते रहे। इसी बीच निखिल गहरे पानी में समा गया और कोई उसे बचाने के लिए पानी में नहीं कूदा।
48 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन
हादसे के बाद दोस्तों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। पुलिस और गोताखोरों ने लगातार दो दिनों तक रेस्क्यू अभियान चलाया। बुधवार देर शाम 48 घंटे बाद निखिल का शव पानी में ऊपर तैरता मिला। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





