अन्नप्राशन, गोदभराई व स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता के साथ पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शनी का आयोजन, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं व मितानिनो का हुआ सम्मान
उतई। आंगन मिलन कार्यक्रम सेक्टर उतई दुर्ग ग्रामीण के ग्राम पंचायत घुघसीडीह में आयोजित किया गया। आयोजन में मुख्य अतिथि विमला कामड़े अध्यक्ष महिला मोर्चा उतई, ग्राम पंचायत सरपंच ललिता बारले, उपसरपंच घनश्याम साहू, राकेश देवांगन युवा मोर्चा महामंत्री, लता देवांगन सचिव एवं पंचगण संजय रजक, अश्वनी बारले, संगीता बारले उपस्थित रहे।
कार्यक्रम अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिता एवं बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। महिलाओं के कुर्सी दौड़ में प्रथम स्थान काजल और द्वितीय स्थान चांदनी को मिला। वहीं बच्चों के कुर्सी दौड़ में प्रथम स्थान पर हर्षिका और दूसरा स्थान डॉली रहीं। मटका फोड़ में प्रतिमा बारले ने पुरस्कार प्राप्त किया। पौष्टिक व्यंजन प्रदर्शन का आयोजन भी किया गया। नन्हे बच्चों के स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता में डिम्पल रजक और पृथ्वी नारंग की माता को सम्मानित किया गया।
छह माह पूर्ण होने पर प्रणव जोशी, लियांश रजक और जयेश का अन्नप्राशन संस्कार तथा गर्भवती माता कामिनी चंद्राकर और झरना बंजारे का गोदभराई संस्कार कार्यक्रम संपन्न किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सुनीता बंजारे और पुष्पांजलि चंद्राकर ने बच्चों को न्योताभोज करवाया। जिसमें खीर पूड़ी, सब्जी, सलाद, केला, पापड़, लड्डू का वितरण किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों द्वारा नृत्य गीत एवं कविता पाठ किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहायिकाओं तथा मितानिन को उनके बेहतर कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।





