बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के दाढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोरेघाट में सोमवार को हुए एक दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड ने पूरे गांव को दहला दिया। पारिवारिक विवाद के चलते एक सनकी देवर ने अपनी भाभी और भतीजी की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने चाकू से दोनों का गला रेतकर वारदात को अंजाम दिया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
परिवारिक विवाद में भाभी-भतीजी की हत्या
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान हेमलाल आदिल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि, परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने अचानक हिंसक रूप धारण कर अपनी भाभी और भतीजी पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दो की हत्या के बाद आरोपी हिरासत में
ग्रामीणों की सूचना पर दाढ़ी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
10 साल की सजा काट चुका है आरोपी हेमलाल
बताया जा रहा है कि, आरोपी हेमलाल आदिल पहले भी एक गंभीर मामले में लगभग 10 वर्ष की सजा काट चुका है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल के आसपास जुट गए। फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और आरोपी से पूछताछ कर हत्या के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।





