दुर्ग। दीपावली के अवसर पर दुर्ग के दीपक नगर में एक भयावह हादसा हुआ, जिसमें तीन साल का बच्चा अभिषेक यादव पटाखा फोड़ते समय बुरी तरह झुलस गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक अपने घर के पास पटाखा जला रहा था कि अचानक तेज धमाका हुआ। इस धमाके में उसके चेहरे और हाथ गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के लोगों ने आग की लपटें देख तुरंत बच्चे के घर वालों को सूचित किया।
झूलसे बच्चे को जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। अभिषेक के पिता मजदूरी करते हैं और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चे के इलाज में मदद नहीं कर पा रहे थे। इस बीच, आसपास के लोगों ने मिलकर कुछ राशि इकट्ठा की और पीड़ित परिवार को सौंपा। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, बच्चे की हालत स्थिर है और उसे विशेषज्ञों की देखरेख में रखा गया है।





