खोपली (दुर्ग)। राज्य शासन की सरस्वती साइकिल प्रदाय योजना के अंतर्गत शहीद तरुण देशमुख शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खोपली में अध्ययनरत 53 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि शासन की इस योजना का उद्देश्य दूर-दराज़ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना तथा विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है।
साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी और वे अपनी पढ़ाई नियमित रूप से जारी रख सकेंगी। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जनपद सदस्य श्रीमती बिंदु देशलहरे, सरपंच श्रीमती मंजू वर्मा, शाला विकास समिति अध्यक्ष बाबूलाल सपहा, प्राचार्य श्रीमती वीणा दुबे, सांसद प्रतिनिधि फत्तेलाल वर्मा, अखिलेश चंद्राकर, रमेश वर्मा, टूमन चंद्राकर, अरुण ख़ुटेल सहित शिक्षक-शिक्षिकाए एवं पालकगण उपस्थित थे।





