दुर्ग। शिक्षक साझा मंच की प्रस्तावित ‘रक्षा सूत्र शिक्षक न्याय रैली’ के दौरान गुरुवार को दुर्ग में प्रदेशभर के शिक्षकों का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला। विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई। कार्यक्रम में शिक्षिका बहनों ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को राखी बांधकर अपनी मांगों और न्याय की उम्मीद का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान 100 से अधिक शिक्षकों ने हजारों शिक्षिका बहनों की ओर से शिक्षा मंत्री की कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल और शिक्षा मंत्री के बीच हुई चर्चा में प्रमुख मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने की जानकारी सामने आई।
साल में तीन बार TET कराने का भरोसा
शिक्षक साझा मंच के अनुसार, शिक्षा मंत्री ने विभागीय TET परीक्षा वर्ष में तीन बार स्थानीय स्तर पर आयोजित कराने की दिशा में पहल करने का भरोसा दिलाया है। शिक्षकों का कहना है कि इससे TET को लेकर लंबे समय से बनी असमंजस और परेशानी कम होगी। इसके साथ ही सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने के मुद्दे पर भी सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया। संगठन से प्रस्ताव लेकर इस दिशा में आगे कार्रवाई करने की बात कही गई।
मुख्यमंत्री से वार्ता के बाद आंदोलन स्थगित
शिक्षक साझा मंच के पदाधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता में भी शिक्षकों की मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई। TET को लेकर मुख्यमंत्री की ओर से आश्वासन मिलने के बाद बगिया में प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित किया गया। हालांकि, इसके बावजूद दुर्ग में शिक्षकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से शिक्षक-शिक्षिकाएं सुबह से ही दुर्ग पहुंचते रहे। कार्यक्रम में शिक्षकों में उत्साह के साथ अपनी मांगों के समाधान की उम्मीद भी दिखाई दी।
‘सरकार शिक्षकों के साथ खड़ी है’
बस्तर से पहुंचीं शिक्षिका बलविंदर कौर ने बताया कि शिक्षा मंत्री ने वर्ष में तीन बार विभागीय TET परीक्षा स्थानीय स्तर पर आयोजित कराने की दिशा में जल्द पहल का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति के मामले में भी मंत्री का रुख सकारात्मक रहा है।
शिक्षकों की एकजुटता बनी ताकत
शिक्षक साझा मंच के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर ने कहा कि शिक्षकों की मांगों पर हुई सकारात्मक वार्ता प्रदेशभर के शिक्षकों की एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संगठन शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रदेश सचिव राजेश चटर्जी ने कहा कि शिक्षकों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। वहीं नवीन शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विकास राजपूत ने कहा कि साझा मंच के नेतृत्व में शिक्षकों ने न्याय के लिए जो संघर्ष किया, उसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
बड़ी संख्या में शिक्षक रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सिराज बक्श, राजू टंडन, देवेंद्र हरमुख, हुलेश चंद्राकर, राजा राम पटेल सहित विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इनके अलावा रविंद्र राठौर, विकास राजपूत, इरफान मोहम्मद, बसंत कौशिक, तरुण वैष्णव, हेम कुमार साहू, हरीश गोपाल, ईश्वर चंद्राकर, गिरीश साहू, दिनेश राठौर, संकीर्तन नंद, विनोद सांडे, कृष्ण वर्मा, पोखन साहू, रामलाल साहू, रमेश साहू, महेश शेट्टी, अजय यादव, गंगाधर दुबे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
अब अमल का इंतजार
शिक्षक साझा मंच ने सरकार से मिले आश्वासनों को जल्द अमल में लाने की उम्मीद जताई है। शिक्षकों का कहना है कि TET से जुड़े मुद्दे और सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति का समाधान होने से प्रदेश के हजारों शिक्षकों को बड़ी राहत मिलेगी। दुर्ग में उमड़ा शिक्षक जनसैलाब यह संदेश भी दे गया कि अपनी मांगों और अधिकारों को लेकर शिक्षक समाज एकजुट है और अब उसे सरकार के आश्वासनों के क्रियान्वयन का इंतजार है





