रायपुर। छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष वेदराम मनहरे के बलौदाबाजार आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भव्य स्वागत किया। आयोग का उपाध्यक्ष बनने के बाद वे पहली बार, अपने सैकड़ो समर्थकों के काफिले के साथ गिरौदपुरी धाम में बाबा गुरु घासीदास के दर्शन एवं आशीर्वाद लेने रवाना हुए।
डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
बलौदाबाजार पहुंचने पर अंबेडकर चौक में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं एवं जयकारों के साथ ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नेतृत्व का जताया आभार
मीडिया से बातचीत में अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष वेदराम मनहरे ने कहा कि, मेरे जैसे एक छोटे से कार्यकर्ता को भारतीय जनता पार्टी ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व एवं सभी वरिष्ठ नेताओं का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
पूरी निष्ठा के साथ काम करूंगा : मनहरे
उन्होंने कहा कि गिरौदपुरी धाम पहुंचकर वे बाबा गुरु घासीदास से छत्तीसगढ़ की सुख, शांति और समृद्धि की कामना करेंगे। साथ ही समाज के विकास, उत्थान और अनुसूचित जाति वर्ग के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करने का संकल्प भी दोहराया। उपाध्यक्ष मनहरे ने कहा कि, उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वे अपना कर्तव्य समझकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ करेंगे तथा समाज के हित में हर संभव प्रयास करेंगे।





