दुर्ग में अंतरराज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम संपन्न, महाराष्ट्र के युवाओं ने लिया प्रशिक्षण
दुर्ग। राज्य की कला, संस्कृति एवं इतिहास से युवाओं को परिचित कराने के उद्देश्य से महाराष्ट्र से दुर्ग पहुँचे 35 युवाओं की टीम के लिए माय भारत, दुर्ग (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में 31 जनवरी से 4 फरवरी तक तुलसी पैलेस धनोरा, दुर्ग में अंतरराज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
माय भारत दुर्ग राज्य निदेशक नितिन शर्मा ने बताया कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संस्कृति, कला, सामाजिक जागरूकता, नेतृत्व क्षमता एवं व्यवहारिक ज्ञान से जोड़ना था। इस दौरान प्रतिभागियों को कौशल प्रशिक्षण, नेतृत्व क्षमता विकास, कला एवं साहित्य, साइबर अपराध से बचाव, बैंकिंग फ्रॉड से सुरक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, मनोविज्ञान एवं मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण एवं जागरूकता सत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंतर्गत सहयोगी एफएम रेडियो एवं सहयोगी मित्र मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिन्हा द्वारा युवा नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास पर, ग्राम पंचायत कातरो सरपंच व मास्टर ट्रेनर जीतेन्द्र सोनी द्वारा टीम बिल्डिंग पर तथा योगेश चंद्राकर द्वारा छत्तीसगढ़ी कला एवं संस्कृति विषय पर व्याख्यान दिया गया। इन सत्रों से युवाओं में एक-दूसरे की संस्कृति, व्यवहार, धर्म एवं जाति के प्रति सम्मान की भावना विकसित हुई तथा जीवन में सुरक्षित एवं सकारात्मक निर्णय लेने की प्रेरणा मिली।
महाराष्ट्र से आए प्रतिभागियों के लिए दो दिवसीय फील्ड विजिट का भी आयोजन किया गया। प्रथम दिवस प्रतिभागियों ने धमतरी स्थित गंगरेल डैम, अंगारमोती माता मंदिर एवं मां विंध्यवासिनी मंदिर का भ्रमण किया। साथ ही सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यों की जमीनी वास्तविकताओं से युवाओं को अवगत कराने युवा रत्न अवार्ड विजेता युवा स्टार समिति खरतुली ग्राम का भ्रमण कराया गया।
दूसरे दिन रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का भ्रमण कराया गया। यहाँ ऐतिहासिक प्रदर्शनों, व्यक्तिगत कलाकृतियों एवं प्रेरक कथाओं के माध्यम से युवाओं को औपनिवेशिक शासन के विरुद्ध संघर्ष और स्वतंत्र भारत के निर्माण की कहानी से परिचित कराया गया। कार्यक्रम दौरान प्रतिभागियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसमें युवाओं ने अपनी कला एवं प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में पद्मश्री आर.एस. बारले, राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित एवं ढोला-मारू की प्रसिद्ध गायिका रजनी रजक तथा माय भारत दुर्ग उपनिदेशक नितिन कुमार शर्मा, अकाउंटेंट आरती मिश्रा, ऑफिस असिस्टेंट आशीष मालिक, कार्यालय स्टाफ तथा स्वयंसेवकों यशवंत टंडन, रुद्र प्रताप, उमेंद्र, गौरव श्रीवास सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।





