छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और यादव समाज ने की एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
उतई। यादव समाज की माताओं के प्रति कथित तौर पर अपमानजनक एवं अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किए जाने के मामले में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना और यादव समाज ने नाराजगी जताई है। दोनों संगठनों के संयुक्त नेतृत्व में उतई थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।
ज्ञापन के अनुसार, रायपुर की पुरानी बस्ती स्थित मां शीतला मंदिर (सिद्ध पीठ) से जुड़े नीरज सैनी नामक व्यक्ति द्वारा यादव समाज की माताओं के लिए कथित तौर पर ‘रौतईन ठग’ जैसे अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। इस टिप्पणी से यादव समाज की माताओं, बहनों और समाज के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचने की बात कही गई है।
दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं यादव समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज की महिलाओं के सम्मान के खिलाफ किसी भी प्रकार की अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज और संगठन के लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ये पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस दौरान छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिला अध्यक्ष ऋषि साहू (दुर्ग ग्रामीण), जिला मंत्री राजेश जांगड़े, जेसीपी हर्षित चंद्राकर, पावेंद्र साहू और जयराज ठाकुर सहित संगठन एवं समाज के अनेक पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यादव समाज की ओर से कोमल यादव (युवा अध्यक्ष, कोड़ियां सर्किल), ओमबाई यादव (महिला अध्यक्ष), लोकेश्वरी यादव (सचिव), हरिश यादव (जिला उपाध्यक्ष), चुम्मन यादव (सर्किल सहसचिव एवं सरपंच, बोरीगारका) तथा मिलन यादव (सर्किल सचिव) सहित अन्य लोग शामिल हुए।





