राजनांदगांव। नवगठित नगर पंचायत घुमका में आज भाजपा ने जमकर शक्ति प्रदर्शन किया। भाजपा अधिकृत नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी श्रीमती किरण वर्मा एवं सभी वार्डों के भाजपा पार्षद प्रत्याशियों के नामांकन रैली में जनसैलाब उमड़ पड़ा।
इस नामांकन रैली में दुर्ग ग्रामीण के विधायक एवं घुमका नगर पंचायत चुनाव प्रभारी ललित चंद्राकर विशेष रूप से सम्मिलित हुए। उन्होंने भाजपा प्रत्याशियों के साथ घुमका के सर्वांगीण विकास, सुशासन एवं जनसेवा का संकल्प लेते हुए नामांकन दाखिल कराया।
विधायक श्री ललित चंद्राकर ने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा, “नामांकन रैली में उमड़ा यह जनसैलाब भाजपा के प्रति जनता के अटूट विश्वास और प्रचंड विजय का स्पष्ट संकेत है। नगरवासियों का उत्साह, समर्थन एवं आशीर्वाद यह दर्शाता है कि घुमका की जनता विकास, पारदर्शिता और जनहितकारी भाजपा सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है।”
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सुशासन का राज है। घुमका नगर पंचायत में भी भाजपा का बोर्ड बनने के बाद केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। नल-जल, सड़क, बिजली, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं के लिए डबल इंजन की सरकार पूरी ताकत से काम करेगी।
इस अवसर पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मधुसूदन यादव, जितेन्द्र वर्मा सहित भाजपा जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण, शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।





