महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सरायपाली विकासखंड स्थित शिशुपाल पर्वत से एक हैरान देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, रविवार सुबह पर्वत शिखर के नीचे एक युवक और युवती का शव मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय ग्रामीणों ने सुबह सरायपाली थाने को सूचना दी कि पर्वत के नीचे दो शव पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है और शव कितने समय पुराने हैं, इसका भी पता लगाया जा रहा है।
मामले का हर एंगल से जांच जारी
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि, दोनों प्रेमी जोड़ा हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।
पहले भी हो चुकी है शिशुपाल पर्वत पर ऐसी घटना
गौरतलब है कि, शिशुपाल पर्वत पर पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे इसे लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है। सबसे बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि इतने संवेदनशील स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मृतकों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।





