दुर्ग। दुर्ग अंतर्गत कुम्हारी रेलवे स्टेशन के पास स्थित परसदा रेलवे फाटक के समीप झाड़ियों में नर कंकाल मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शव काफी समय से पड़ा होने के कारण पूरी तरह सड़-गल चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए कचांदूर स्थित सीसीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, राजेश नामक ग्रामीण अपनी बकरियों को रेलवे लाइन के किनारे चरा रहा था। तभी अचानक बकरियां घबरा कर दौड़ने लगीं, जिससे उसे अनहोनी का शक हुआ। झाड़ियों में जाकर देखा तो वहां सड़ी गली अवस्था में कंकाल मिला। इसके बाद उसने तुरंत डायल 112 और कुम्हारी पुलिस को सूचना दी।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्टों का भी मिलान कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।





