30 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगे जेपी नड्डा, दुर्ग में जनसभा और पदयात्रा में होंगे शामिल; 31 अक्टूबर को शिवराज सिंह चौहान लेंगे खेत बचाओ अभियान में हिस्सा
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी कल 30 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ आएंगे।
दोपहर 1 बजे आएंगे नड्डा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री नड्डा दोपहर 1:00 बजे रायपुर पहुँचेंगे और विमानतल से वे सीधे सिविल लाइन्स स्थित मुख्यमंत्री निवास जाएंगे। श्री नड्डा अपराह्न 3.15 बजे दुर्ग के लिए रवाना होंगे, जहाँ महेश कॉलोनी (पुलगाँव) में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करेंगे। श्री नड्डा अपराह्न 4 बजे भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत महेश कॉलोनी से गंजपारा चौक (दुर्ग) तक आहूत पदयात्रा में शिरकत करेंगे।
शिवराज सिंह चौहान शाम को आएंगे
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान शाम 7 बजे रायपुर पहुँचेंगे। श्री चौहान शनिवार 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे राजधानी के आईसीएआर-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बॉयोटिक स्ट्रेस मैनेजमेंट के खेत बचाओ अभियान और पौधरोपण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। श्री चौहान दोपहर 1.30 बजे राजधानी के नेताजी सुभाष स्टेडियम से तेलीबांधा मरीन ड्राइव तक आयोजित पदयात्रा में शामिल होंगे। यह पदयात्रा भाजपा के “लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ” अभियान के तहत आयोजित है। भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता व सांसद डॉ. त्रिवेदी का दोपहर 1 बजे रायपुर आगमन होगा। वे राजधानी रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।





