पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने किया राधा-कृष्ण पूजन, कहा—श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म और कर्म के मार्ग पर चलने की देता है प्रेरणा
उतई। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर ग्राम डुंडेरा में कोसरिया यादव समाज द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं पूर्व विधायक ताम्रध्वज साहू शामिल हुए। विशेष अतिथि के रूप में पार्षद खिलेंद्र चंद्राकर एवं नगर निगम रिसाली के पूर्व एल्डरमेन तरुण बंजारे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में यादव समाज के पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।
जन्माष्टमी के अवसर पर ग्राम डुंडेरा में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए पूरे गांव में भ्रमण कर मंदिर पहुंची। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय नजर आया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इसके साथ ही मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शोभायात्रा के मंदिर पहुंचने के बाद भगवान श्री राधा-कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने भगवान श्री राधा-कृष्ण का पूजन कर प्रदेश एवं ग्रामवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने अन्याय के विरुद्ध खड़े होने तथा सदैव सत्य एवं धर्म का साथ देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों और उनके संदेश को जीवन में आत्मसात करने का अवसर है। उन्होंने सभी ग्रामवासियों को आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ पर्व मनाने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कोसरिया यादव समाज के अध्यक्ष मोहन यादव, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष गायत्री यादव, छन्नू यादव, बिषहत यादव, पुरुषोत्तम यादव, शत्रुहन यादव, इतवारी रवि यादव, इन्द्रमणि यादव, घनश्याम यादव, टिलेश्वरी यादव, मोना यादव, केसरी यादव, प्रतिमा यादव, सागर यादव, राजेंद्र यादव, पोषण यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।





