पूर्व एल्डरमेन तरुण बंजारे की अगुवाई में किसान पहुंचे निगम कार्यालय, आवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने सौंपा ज्ञापन
रिसाली। नगर पालिक निगम रिसाली के अंतर्गत ग्राम डुंडेरा के किसान इन दिनों आवारा एवं घूमंतू पशुओं की समस्या से परेशान हैं। बड़ी संख्या में आवारा मवेशी खेतों में घुसकर धान की लहलहाती फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। फसल बर्बाद होने की आशंका से किसानों की चिंता लगातार बढ़ गई है।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर किसानों ने पूर्व एल्डरमेन तरुण बंजारे के नेतृत्व में नगर निगम प्रशासन से मुलाकात कर नगर निगम रिसाली आयुक्त के नाम कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्राम डुंडेरा में संचालित गौठान को शीघ्र पुनः प्रारंभ करने तथा क्षेत्र में घूम रहे आवारा पशुओं को गौठान में रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
किसानों ने बताया कि आवारा पशु केवल खेतों में घुसकर धान की फसल को ही नुकसान नहीं पहुंचा रहे हैं, बल्कि सड़कों पर बैठने और विचरण करने के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। किसानों ने सड़क पर घूमने और बैठे रहने वाले पशुओं को भी तत्काल पकड़कर गौठान में रखने की मांग की है।
किसानों ने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो धान की फसल को भारी नुकसान होने के साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहेगा। उन्होंने निगम प्रशासन से गौठान को तत्काल शुरू कर आवारा पशुओं की उचित व्यवस्था करने की मांग की, ताकि किसानों की फसल सुरक्षित रहने के साथ आम लोगों को भी सड़क पर पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।
इस दौरान किसान जीनत साहू, टिकेंद्र साहू, रमाशंकर साहू, सुमेर साहू, विश्राम साहू, कार्तिक साहू, ईश्वर साहू, भूषण देवांगन, छंगा साहू, अमोली राम, यशवंत साहू, भागवत देवांगन एवं चंदू गायकवाड़ सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।





