बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में पिछले 36 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है। बारिश के चलते महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। गीधपुरी थाना क्षेत्र के अमेठी घाट स्थित एनीकट करीब 5 फीट पानी में डूब गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभालते हुए लोगों से उफनती नदी पार नहीं करने की अपील की है।
5 फीट ऊपर तक पानी में डूबा एनीकट
मिली जानकारी के अनुसार, लगातार 36 घंटे से जारी मूसलाधार बारिश के कारण महानदी उफान पर है। गीधपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम अमेठी घाट में नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से महानदी पर बना एनीकट लगभग 5 फीट ऊपर तक पानी में डूब गया है। तेज बहाव के कारण एनीकट से होकर होने वाला आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
ग्रामीणों को हो रही परेशानी
इस स्थिति का सबसे अधिक असर कसडोल विकासखंड के वनांचल क्षेत्र के ग्राम बार, नयापारा सहित महासमुंद जिले के सिरपुर की ओर आने-जाने वाले लोगों पर पड़ा है। संपर्क मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महानदी पार करने से रोक रहे पुलिसकर्मी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गीधपुरी थाना पुलिस ने अमेठी घाट पर लगातार निगरानी शुरू कर दी है। पुलिसकर्मी लोगों को उफनती महानदी पार करने से रोक रहे हैं और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्कता बरत रहे हैं।





