पूर्व एल्डरमेन तरुण बंजारे के साथ ग्रामीण पहुचें उतई थाना
उतई। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम डुंडेरा में लगातार बढ़ रही चोरी की घटना, शासकीय संपत्तियों में तोड़फोड़, अड्डेबाजी एवं संदिग्ध गतिविधियों से ग्रामीणों में असुरक्षा का माहौल है। इन घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग को लेकर नगर पालिक निगम रिसाली के पूर्व एल्डरमेन तरुण बंजारे के नेतृत्व में ग्रामीणों ने थाना प्रभारी उतई को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि पिछले एक-दो महीनों के दौरान गांव में खेतों में लगे पानी के मोटर पंप, विद्युत केबल, शासकीय भवनों एवं शासकीय पशु चिकित्सालय में चोरी, मंदिरों के दानपेटी व अन्य समानों की चोरी, किराना दुकान मे सटर तोड़ कर चोरी जैसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं, जिससे आमजन में भय का वातावरण व्याप्त है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव के शासकीय भवनों, विद्यालय परिसरों एवं अन्य सार्वजनिक संपत्तियों में लगातार तोड़फोड़ की घटनाएं हो रही हैं। इसके अलावा रात्रि के समय गांव के कई स्थानों पर असामाजिक तत्वों द्वारा अड्डेबाजी की जाती है। झुंड बनाकर देर रात तक बैठे रहने से महिलाओं, बुजुर्गों एवं आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है तथा कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता गहराती जा रही है।
ज्ञापन में रामनगर से लगे डुंडेरा नर्सरी परिसर का भी उल्लेख किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार यहां बाहरी युवक-युवतियों का संदिग्ध रूप से एकत्रित होना लगातार देखा जा रहा है। इससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है, मोहल्लेवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है तथा नई पीढ़ी के बीच भी गलत संदेश जा रहा है। ग्रामीणों ने इस क्षेत्र में नियमित पुलिस निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व एल्डरमेन तरुण बंजारे ने कहा कि ग्राम डुंडेरा में लगातार बढ़ रही आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से चोरी, तोड़फोड़ एवं अन्य घटनाओं में शामिल आरोपियों की शीघ्र पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने, गांव में नियमित रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने की मांग की है। इस दौरान ईश्वर साहू, चंदूलाल गायकवाड़, मोनू तिवारी, विजय देवांगन, अंकित, किशन लाल, होमेन्द्र साहू, अमोली राम सहित अन्य उपस्थित थे।





