बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में तांदुला नहर में नहाते समय पिता, बेटी की तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे ग्राम पीपरछेड़ी में हुई। गोताखोरों ने पिता का शव बरामद कर लिया था, जबकि 12 साल की बेटी पालंकी लाश आज घटनास्थल से 20 किलोमीटर दूर मिली है। वहीं, भतीजी को मौके पर मौजूद लोगों ने कूदकर बचा लिया था। युवक अपने ससुराल पीपरछेड़ी गांव में शादी समारोह में शामिल होने आया था। यह मामला बालोद थाना क्षेत्र का है। मृतक टायमन एंबुलेंस 108 में ENT कर्मचारी था।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, ग्राम धोबनपुरी के टायमन गंजीर (35) बेटी पालंकी गंजीर के साथ अपने ससुराल पीपरछेड़ी गांव में शादी समारोह में आए थे। मंगलवार को वे अपनी बेटी और रिश्तेदार बच्ची दामिनी साहू के साथ पास की तांदुला नहर में नहाने गए। इस दौरान टायमन बेटी पालंकी को नहर में स्विमिंग सिखा रहे थे। तांदूला जलाशय से वर्तमान में लगभग 8 फीट पानी छोड़े जाने के कारण नहर का बहाव तेज है। नहाने के दौरान तीनों गहराई और बहाव का अंदाजा नहीं लगा पाए और पानी में बहने लगे। चीख-पुकार सुनकर मौके पर वहां लोगों ने तत्परता दिखाई और एक बच्ची को समय रहते बचा लिया। जबकि टायमन और उनकी बेटी पालंकी कुछ ही देर में पानी में बहकर नजरों से ओझल हो गए।
तांदुला और गंगरेल बांध का पानी कम कराया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। तांदुला और गंगरेल बांध से पानी का बहाव अस्थायी रूप से कम कराया गया, ताकि तलाश अभियान में मदद मिल सके।
400 मीटर दूर पिता का शव मिला
गोताखोरों ने काफी कोशिश के बाद घटनास्थल से 400 मीटर दूरी पर पिता टायमन का शव बरामद कर लिया था, जबकि बेटी पालंकी की लाश बुधवार सुबह घटनास्थल से 20 किमी दूर मिली है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, टायमन पीपरछेड़ी गांव के दामाद थे और ससुराल आए हुए थे। इस हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
108 एम्बुलेंस में EMT के पद पर पोस्टेड थे टायमन
टायमन बालोद जिला अस्पताल में 108 एम्बुलेंस में ईएमटी के पद पर पोस्टेड थे। उन्होंने पहले पखांजूर क्षेत्र में भी लंबे समय तक सेवा दी थी। बाद में जब जय अम्बे के बाद जीवीके कंपनी को एम्बुलेंस का टेंडर मिला, तो उनकी पोस्टिंग बालोद मुख्यालय में कर दी गई। वे नई कंपनी के कर्मचारी के रूप में पिछले एक महीने से सेवा दे रहे थे।





