खैरागढ़. खैरागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक को लेकर एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर मामले में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान तुलाराम पटेल (45 वर्ष) निवासी किल्लापारा वार्ड क्रमांक 11 खैरागढ़ के रूप में हुई है। वह बिल्डिंग ठेकेदारी का काम करता था। बताया गया कि उसके साथ ग्राम गाडाडीह की एक महिला मजदूर के रूप में काम करती थी। तुलाराम पटेल कभी-कभी शाम को काम खत्म होने के बाद महिला को अपनी मोटरसाइकिल से उसके घर छोड़ने जाया करता था।
महिला को छोड़ने गया था, तभी हुआ विवाद
घटना 8 मार्च की शाम की बताई जा रही है। उस दिन भी तुलाराम पटेल महिला को छोड़ने ग्राम गाडाडीह गया था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उस पर महिला से अवैध संबंध होने का शक जताया और उसे घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने तुलाराम पटेल से कहा कि तुम यहां क्यों आते हो, गांव को बिगाड़ रहे हो। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने एकराय होकर उसके साथ हाथ-मुक्के और लात से मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान तुलाराम पटेल को चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। गंभीर हालत में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले में थाना खैरागढ़ में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान संदेह के आधार पर कीर्तन यादव उर्फ मुन्ना (35 वर्ष) पिता पल्टू यादव, समय यादव (45 वर्ष) पिता पल्टू यादव, आशीष यादव उर्फ बोदू (42 वर्ष) पिता स्वर्गीय अगनू यादव, रूपलाल वर्मा (26 वर्ष) पिता सुरेश वर्मा, पल्टन वर्मा (60 वर्ष) पिता स्वर्गीय भारत वर्मा और पवन वर्मा (35 वर्ष) पिता स्वर्गीय बंजु वर्मा सभी गाडाडीह निवासी को गिरफ्तार का कड़ाई से पूछताछ करने पर अपना जुर्म कबूल किया।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(2), 190, 191(1) और 191(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इसके अलावा घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है, जिनके संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, वहीं मामले की आगे की विवेचना जारी है।





