बालोद- दल्लीराजहरा मार्ग स्थित पर्यावरण पार्क के पास एक महिला बेसुध अवस्था में मिली। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है।
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। बालोद-दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग स्थित पर्यावरण पार्क के पास एक महिला बेसुध अवस्था में मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीड़िता कांकेर जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र की रहने वाली है। महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाने और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
एसपी ने दी मामले की जानकारी
बालोद पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने बताया कि मामले में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पीड़िता को सुरक्षा और सहायता के लिए सखी वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है।





