धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम भेंड्रा में रविवार शाम एक बार फिर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक बिजली टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर करीब ढाई घंटे बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
पुलिस को दी गई जानकारी
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भेंड्रा निवासी यादराम साहू शाम के समय गांव के पास स्थित हाईटेंशन ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया था। युवक को ऊंचाई पर देखकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और इसकी जानकारी भखारा पुलिस को दी गई।
पारिवारिक विवाद से परेशान था युवक
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक से बातचीत कर उसे नीचे आने के लिए समझाया। काफी देर तक चले प्रयास के बाद युवक नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। ग्रामीणों के अनुसार, युवक पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद से परेशान था। इसी कारण पहले भी वह टावर पर चढ़ चुका है। इस घटना के बाद गांव में लोगों के बीच चिंता का माहौल बन गया।
पुलिस ने युवक को सुरक्षित उतारा
ग्राम पंचायत सरपंच हीरेन्द्र मंडावी ने बताया कि, युवक शाम करीब 5 बजे टावर पर चढ़ा था। पुलिस को सूचना देने के बाद टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद उसे सुरक्षित उतारा गया। भखारा थाना प्रभारी शरद ताम्रकार ने बताया कि, युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया है। मामले में नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।





