देश-विदेश के श्रद्धालुओं ने प्रज्वलित कराई ज्योति, 19 अक्टूबर को तृषा साहू की मंडली प्रस्तुत करेगी जगराता
दुर्ग। बाबा दरबार पावन धाम धनोरा में गुरुवार को पंचमी का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही माता रानी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा। भक्त हाथों में चुनरी, फल, फूल और मिठाइयां लेकर दरबार पहुंचे तथा माता रानी के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरे दरबार परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा।
दरबार के लक्ष्मण बाबा जी ने बताया कि पंचमी की रात्रि में विधि-विधान से माता रानी की पूजा-अर्चना कर कलश चढ़ाया गया। इस वर्ष बाबा दरबार पावन धाम में श्रद्धालुओं द्वारा कुल 191 मनोकामना ज्योतियां प्रज्वलित कराई गई हैं। भक्तों की अटूट आस्था के चलते यहां देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी मनोकामना ज्योति प्रज्वलित कराई गई है।
विदेशों से भी जुड़ी श्रद्धालुओं की आस्था
बाबा दरबार पावन धाम धनोरा में इंग्लैंड, अमेरिका, श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र सहित विभिन्न स्थानों से श्रद्धालुओं ने मनोकामना ज्योति प्रज्वलित कराई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर, धमतरी, नगरी-सिहावा, खैरागढ़, बेमेतरा, बालोद, राजनांदगांव, कवर्धा, दुर्ग तथा आसपास के क्षेत्रों के भक्तों ने भी माता रानी के दरबार में ज्योति प्रज्वलित कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की है।
देश-विदेश से भक्तों की सहभागिता दरबार के प्रति उनकी गहरी आस्था और विश्वास को दर्शाती है। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालु माता रानी की आराधना के साथ दरबार में सेवा कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
महाअष्टमी पर हवन, मंगलवार को निकलेगी ज्योति विसर्जन शोभायात्रा
श्री लक्ष्मण बाबा जी ने बताया कि नवरात्रि के अवसर पर दरबार में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सोमवार को शाम 4 बजे महाअष्टमी के अवसर पर हवन होगा। वहीं, मंगलवार को शाम 4 बजे मनोकामना ज्योतियों के विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली जाएगी।
इन धार्मिक आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। भक्त माता रानी की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
19 अक्टूबर की रात होगा भव्य जगराता
नवरात्रि पर्व के अंतर्गत सोमवार, 19 अक्टूबर की रात 9 बजे से बाबा दरबार पावन धाम धनोरा में जगराता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें रायपुर के गुढ़ियारी की तृषा साहू की मंडली माता रानी के भजनों की प्रस्तुति देगी।
दरबार की ओर से श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर जगराता कार्यक्रम में शामिल होने और माता रानी की भक्ति में सहभागी बनने की अपील की गई है। भजन-कीर्तन के माध्यम से दरबार परिसर में भक्तिमय वातावरण बनेगा।
नौ दिनों तक सेवा में जुटे हैं श्रद्धालु
बाबा दरबार पावन धाम धनोरा में नवरात्रि के नौ दिनों तक बड़ी संख्या में भक्त सुबह-शाम अपनी सेवाएं दे रहे हैं। श्रद्धालु धार्मिक आयोजनों की व्यवस्था, पूजा-पाठ और अन्य सेवा कार्यों में सहयोग कर रहे हैं।
सेवा देने वालों में प्रमुख रूप से विनोद कुमार साहू, नंद पंडा मनोज पटेल, मनसुखा साहू, भोलू साहू, खिलेश्वर साहू, सुंदर सपरे, भूपेंद्र साहू, तोमन गजपाल, उमेश साहू, हेमंत साहू, भजन गायक चेतन साहू, गुलाब साहू, बब्लू साहू, गज्जू रायपुरीहा, जीवराखन ठेकेदार, बाबूलाल साहू, रुपलाल टेलर्स, एम. लाल देवांगन, ललित साहू, रोशन साहू, डॉ. धनेश्वर साहू, राजू देशमुख, कुणाल साहू, वासुदेव सपरे, पूर्व सरपंच श्रीमती बबीता साहू, श्रीमती ललिता यादव, सुनीता साहू, मितानिन देव, हितेश पटेल, लक्ष्मी साहू, मंजू साहू, संगीता सपरे, मुंगा सपरे, नीरा साहू, ओमकार साहू, टीकेश्वरी साहू, डोरे लाल साहू, दास भोले, कुमारी पूजा, कुमारी सुरुचि साहू, कुमारी वेदु, कुमारी नेहा साहू और कुमारी विननी साहू सहित अनेक श्रद्धालु शामिल हैं।





