पाटन। ग्राम पंचायत सेलूद के सतनामी समाज के अध्यक्ष सेवाराम अनंत ने पूर्व सरपंच खेमलाल साहू द्वारा सोशल मीडिया चैट में वर्तमान सरपंच एवं तहसील सतनामी समाज के युवा अध्यक्ष खिलेश मारकंडे के विरुद्ध की गई कथित आपत्तिजनक एवं आधारहीन टिप्पणियों पर कड़ी नाराजगी जताई है।
सेवाराम अनंत ने कहा कि पूर्व जनप्रतिनिधि जैसे जिम्मेदार पद पर रह चुके व्यक्ति द्वारा किसी जनप्रतिनिधि और समाज के पदाधिकारी के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे ओछी मानसिकता का परिचायक बताते हुए सामाजिक सौहार्द और गांव की आपसी एकता के लिए नुकसानदायक बताया।
बताया गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल चैट में खेमलाल साहू की ओर से वर्तमान सरपंच खिलेश मारकंडे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। चैट में गांव में हुई विभिन्न घटनाओं और दुर्घटनाओं को सरपंच के बयानों अथवा उनके पद से जोड़ते हुए सवाल उठाए गए हैं। सतनामी समाज ने इन टिप्पणियों को भ्रामक, निराधार और जनप्रतिनिधि की छवि धूमिल करने वाला प्रयास बताया है।
घटनाओं को किसी व्यक्ति से जोड़ना गलत
सेवाराम अनंत ने कहा कि गांव में होने वाली किसी भी प्राकृतिक आपदा, दुर्घटना या अप्रिय घटना को राजनीति से प्रेरित होकर किसी व्यक्ति विशेष अथवा समाज के प्रतिनिधि से जोड़ना उचित नहीं है। इस प्रकार की गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियां न केवल संबंधित व्यक्ति की सामाजिक प्रतिष्ठा को प्रभावित करती हैं, बल्कि गांव की शांति, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव पर भी प्रतिकूल असर डालती हैं।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक या सामाजिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और जिम्मेदारी का पालन किया जाना आवश्यक है।
माफी नहीं मांगी तो वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी
इस मामले में सेलूद सतनामी समाज के साथ ग्राम पंचायत सेलूद के सतनामी समाज के पंचों ने भी पूर्व सरपंच खेमलाल साहू के कथित कृत्य की घोर निंदा की है। समाज की ओर से कहा गया है कि यदि संबंधित व्यक्ति अपनी अमर्यादित एवं द्वेषपूर्ण टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो समाज द्वारा नियमानुसार उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





