उतई। प्रिज्म पब्लिक स्कूल, महकाखुर्द में विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी के साथ आनंद मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संदीप नन्दनवर (चेयरमैन कंज्यूमर ग्रीवांस रिड्रेसल फोरम) जिंदल एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती नीलिमा नंदनवार उपस्थित रहे। साथ ही विद्यालय के प्राचार्य डुमेश कुमार एवं प्राचार्या श्रीमती स्वर्णलता पाल के साथ असीम साहू एवं परमिता मोहंती की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विभिन्न विज्ञान मॉडलों एवं आकर्षक कलाकृतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर द्रोणाचार्य विद्यालय उतई, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहंडोर एवं स्वामी आत्मानंद विद्यालय, घुघवा के विद्यार्थियों ने भी अपने विज्ञान मॉडलों के साथ सहभागिता की। वहीं, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेलूद के विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया।
आनंद मेले में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए। इस गतिविधि ने विद्यार्थियों को रचनात्मकता, सहयोग एवं प्रबंधन कौशल प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। अभिभावकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
सम्पूर्ण कार्यक्रम के प्रभारी प्रशांत साहू एवं श्रीमती अंजू शर्मा रहे। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समग्र रूप से यह आयोजन ज्ञान, विज्ञान, कला और मनोरंजन का सुंदर संगम रहा, जिसने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास एवं सृजनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के साथ विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच ज्ञान एवं अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान किया।





