छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों को वर्ष 2027 में शनिवार और रविवार समेत कुल 124 दिन छुट्टी मिलेगी। सामान्य अवकाश की 25 छुट्टियों में 5 शनिवार को पड़ने से 241 दिन कामकाज होगा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी अफसरों और कर्मियों खासकर वे, जो दफ्तरों में बैठकर काम करते हैं, उनके लिए नया साल 2027 मौज वाला होने जा रहा है। दरअसल, साल के 365 दिनों में कुल मिलकार उन्हें 124 दिन छुट्टी मिलेगी। इसमें घोषित सामान्य अवकाश के साथ शनिवार और रविवार की छुट्टियां शामिल हैं।
2027 की छुट्टियों में 5 अवकाश शनिवार को पड़ेंगे
अगर इन्ही शासकीय सेवकों ने अलग से छुट्टी ली तो और काम से फुर्सत के कुछ और दिन बढ़ जाएंगे। राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने वर्ष 2027 के लिए सरकारी कार्यालयों में सामान्य और ऐच्छिक अवकाश की सूची जारी कर दी है। सामान्य अवकाश की सूची में 25 छुट्टियां शामिल हैं। इनमें से पांच छुट्टियां शनिवार को पड़ रही हैं, जो पांच दिवसीय कार्य सप्ताह के कारण पहले से ही अवकाश के दिन हैं।
ये है अवकाश का हिसाब
सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार, वर्ष 2027 के लिए राज्य के सभी शासकीय कार्यालयों और संस्थाओं में सामान्य अवकाश घोषित किए गए हैं। इनकी संख्या 25 है। हालांकि, सभी 25 छुट्टियों को कार्यदिवसों से घटाने पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं होगी, क्योंकि इनमें से कुछ शनिवार को पड़ रही हैं। शनिवार और रविवार को नियमित अवकाश मानने पर साल के 365 दिनों में 104 दिन सप्ताहांत के कारण कार्यालय बंद रहेंगे। हालांकि इस अवधि में आवश्यक सेवा वाले और फील्ड के आवश्यक काम जारी रहेंगे।
241 दिन होगा कामकाज
वर्ष 2027 में कुल 261 दिन सोमवार से शुक्रवार के बीच पड़ेंगे। सामान्य अवकाश की सूची में शामिल पांच छुट्टियां शनिवार को पड़ रही हैं, इस कारण 25 घोषित सामान्य अवकाशों में से 20 छुट्टियां ही नियमित कार्य दिवसों को प्रभावित करेंगी। इस तरह 261 कार्यदिवसों में से 20 दिन घटाने पर सरकारी कार्यालयों में कामकाज के लिए 241 दिन बचेंगे।
ऐच्छिक अवकाश सामान्य छुट्टियों से अलग
राज्य सरकार ने सामान्य अवकाश के अलावा ऐच्छिक अवकाश की सूची भी जारी की है। इस सूची में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अवसरों से संबंधित 51 छुट्टियां शामिल हैं। सरकार के अनुसार, प्रत्येक शासकीय सेवक इन ऐच्छिक अवकाशों में से अपनी इच्छानुसार अधिकतम तीन अवकाश ले सकता है, इसलिए इन सभी छुट्टियों को राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों के लिए अनिवार्य अवकाश मानकर गणना नहीं की जा सकती।
रविवार के कारण चार पर्वों पर अलग अवकाश नहीं
यही नहीं कुछ ऐसे अवसरों का भी उल्लेख है, जिन पर रविवार पड़ने के कारण अलग से सार्वजनिक अवकाश घोषित नहीं किया गया है। इनमें स्वतंत्रता दिवस, ईद-ए-मिलाद, दशहरा (विजयादशमी) और गुरु नानक जयंती शामिल हैं। इस प्रकार, पांच दिवसीय कार्य सप्ताह और घोषित सामान्य अवकाशों के आधार पर छत्तीसगढ़ में वर्ष 2027 के दौरान सरकारी कार्यालयों के लिए 241 कार्यदिवस निर्धारित होते हैं। यह गणना सामान्य अवकाशों पर आधारित है; कर्मचारियों द्वारा लिए जाने वाले ऐच्छिक अवकाश इसमें शामिल नहीं हैं।





