नियमित सीएचओ की नियुक्ति हटने के बाद स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित, केंद्र नियमित नहीं खुलने से मरीज परेशान
रिसाली। नगर पालिक निगम रिसाली के वार्ड डुंडेरा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक, सीएचओ (CHO) अथवा नियमित स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति की मांग उठने लगी है। नगर निगम रिसाली के पूर्व एल्डरमेन तरुण बंजारे ने जिला प्रशासन से इस दिशा में शीघ्र पहल करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को नियमित रूप से स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
तरुण बंजारे ने बताया कि डुंडेरा एक बड़ी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां के ग्रामीण एवं वार्डवासी प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य परामर्श तथा आवश्यक दवाइयों के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर हैं। पूर्व में उप स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से सीएचओ की नियुक्ति थी, जिसे हटा दिया गया है। इसके बाद से स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ रहा है और केंद्र का नियमित संचालन नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में पदस्थ नर्स एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी विभिन्न शासकीय कार्यों में लगाए जाने के कारण कई बार उप स्वास्थ्य केंद्र बंद रहता है। इससे मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता तथा उन्हें छोटी-छोटी बीमारियों के लिए भी दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।
स्वास्थ्य सुविधाओं का नियमित संचालन जरूरी
तरुण बंजारे ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा के लिए लोगों को भटकना पड़े, यह चिंता का विषय है। प्रत्येक नागरिक को समय पर उपचार, स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध होनी चाहिए। इसके लिए उप स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता और नियमित संचालन सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उन्होंने जिला कलेक्टर से मांग की है कि ग्राम डुंडेरा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में तत्काल सीएचओ (CHO) की नियुक्ति की जाए अथवा चिकित्सक एवं नियमित स्वास्थ्यकर्मियों की पदस्थापना सुनिश्चित की जाए। साथ ही, केंद्र को निर्धारित समय पर नियमित रूप से खोलने और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया जाए।
तरुण बंजारे ने जिला प्रशासन से जनहित में इस समस्या का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है, ताकि डुंडेरा के नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।





