जर्जर सड़क से राहगीर परेशान, आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा; पूर्व एल्डरमेन तरुण बंजारे ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
रिसाली। लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आने वाला डुंडेरा-जोरातराई मार्ग लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रहा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार जर्जर सड़क के चलते दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। सड़क का नियमित संधारण नहीं होने से स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
सड़क की समस्या को लेकर नगर पालिक निगम रिसाली के पूर्व एल्डरमेन तरुण बंजारे ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर डुंडेरा-जोरातराई मार्ग का शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं संधारण कार्य कराने की मांग की है।
छह साल से नहीं हुआ संधारण
तरुण बंजारे ने बताया कि डुंडेरा से जोरातराई जाने वाला यह मार्ग लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आता है। सड़क का करीब छह वर्ष पूर्व 2020 में संधारण कार्य कराया गया था। इसके बाद से अब तक सड़क के नियमित संधारण अथवा आवश्यक पेचवर्क का कार्य नहीं होने के कारण मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो गई है। सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। बारिश और लगातार वाहनों के आवागमन के कारण सड़क की स्थिति और खराब होने की आशंका बनी हुई है।
दुर्घटना की आशंका, जल्द कार्रवाई की मांग
डुंडेरा-जोरातराई मार्ग आसपास के ग्रामीणों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क खराब होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी होती है। रात के समय गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
बंजारे ने कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए जाएं तथा सड़क की वास्तविक स्थिति का आकलन कर तत्काल पेचवर्क एवं आवश्यक संधारण कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत में देरी होने पर समस्या और गंभीर हो सकती है, इसलिए जनहित में शीघ्र कार्रवाई आवश्यक है।





