बालोद। जिले के डौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम औराटोला में महिला स्व सहायता समूहों को रोजगार का सपना दिखाकर लाखों रुपये लेने का मामला सामने आया है। खल्लारी निवासी खेमेन्द्र सेन पर दोना-पत्तल निर्माण मशीन दिलाने के नाम पर तीन महिला समूहों से बैंक ऋण के जरिए लाखों रुपये लेने का आरोप है। शिकायत के बाद डौंडी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मशीन दिलाने के नाम पर लिए 3.39 लाख रुपये
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने तीन महिला स्व सहायता समूहों को दोना-पत्तल निर्माण मशीन उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद बैंक ऋण के माध्यम से समूहों से कुल 3 लाख 39 हजार रुपये लिए गए। आरोप है कि रकम लेने के बावजूद महिलाओं को मशीन उपलब्ध नहीं कराई गई।
एक महिला से लिए 50 हजार रुपये एडवांस
इसके अलावा ग्राम कामता की एक महिला से भी मशीन दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपये एडवांस लेने का आरोप लगाया गया है। इस तरह कुल 3 लाख 89 हजार रुपये लेने के बाद भी न तो मशीन दी गई और न ही रकम वापस करने की बात शिकायत में कही गई है।
बैंक लेन-देन और दस्तावेजों की होगी जांच
महिला समूहों की शिकायत पर डौंडी पुलिस ने आरोपी खेमेन्द्र सेन के खिलाफ BNS की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस अब बैंक खातों से हुए लेन-देन, महिलाओं द्वारा रकम दिए जाने के प्रमाण और दोना-पत्तल मशीन से संबंधित दस्तावेजों की जांच करेगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





