बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 22 वर्षीय युवती की जली हुई लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. यह मामला अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम चीचा का है. मृतका की पहचान लीलेश्वरी साहू के रूप में हुई है, जिसकी अगले महीने 1 अप्रैल को शादी होने वाली थी.
क्या है पूरा मामला?
गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने गांव से करीब 200 मीटर दूर खेत के किनारे एक जली हुई लाश देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान लीलेश्वरी साहू के रूप में की. घटनास्थल से युवती का जला हुआ मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है. पुलिस मोबाइल की जांच और कॉल डिटेल खंगाल रही है.
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक एक्सपर्ट, साइबर क्राइम टीम, डॉग स्क्वायड, और एएसपी मोनिका ठाकुर मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर चुके हैं.
हत्या या आत्महत्या?
पुलिस के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का. हालांकि, शुरुआती जांच में हत्या कर शव जलाने की आशंका जताई जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए गुंडरदेही भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो पाएगा. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही इस रहस्यमयी मामले से पर्दा उठने की उम्मीद है।





