रात में जमीन पर सोते वक्त पैर के अंगूठे के पास काटा; वाहन मिलने में देरी से इलाज में हुई देर, दो बच्चों के सिर से उठा मां का साया
बालोद। बालोद जिले में तीजा मनाने मायके आई महिला को रात में जमीने पर सोते वक्त करैत सांप ने डस लिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो गई। घटना जिले के गुरुर ब्लॉक के ग्राम मोहारा (अरमरीकला) की है। मिली जानकारी के अनुसार महिला केकती बाई सिन्हा धमतरी जिले के अरौद (अर्जुनी) की रहने वाली थी। वह अपने मायके तीजा त्योहार मनाने आई थी।
आधी रात पैर पर सांप ने काटा
रात करीब 12 बजे वह जमीन पर सो रही थी। इसी दौरान सांप ने उसके दाहिने पैर के अंगूठे के पास काट लिया। परिजनों ने लाइट जलाई तो बिस्तर के पास काले रंग का करैत सांप लिपटा मिला। परिजनों ने रात में ही सांप को मार दिया। इसके बाद केकती को अस्पताल ले जाने के लिए वाहन तलाशने लगे।
वाहन मिलने में हुई देरी
वाहन मिलने में देरी होने के कारण इलाज में भी देर हो गई। जब महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया तो वहां के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अंतिम संस्कार धमतरी जिले के अरौद गांव में किया गया।
शव परिजनों को सौंपा
बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि मामला ग्राम मोहारा का है। मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने धमतरी जिले के अरौद गांव में अंतिम संस्कार किया है।
बहन आई थी तीजा मनाने
मृत महिला केकती के छोटे भाई मोहन सिन्हा ने बताया कि परिवार में चार बहनें हैं। तीजा मनाने के लिए सभी मायके आई थीं। रात में सभी जमीन पर एक साथ सो रही थीं। इसी दौरान केकती को पैर में सांप के काटने का अहसास हुआ और उसने आवाज लगाई। परिवार के लोग जागे तो बिस्तर के पास सांप मिला। इसके बाद वाहन की व्यवस्था कर केकती को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
बच्चों के सिर से उठा मां का साया
मृतक केकती के पति गंगा प्रसाद सिन्हा ने बताया कि उनके दो बच्चे हैं। दोनों मां के साथ तीजा मनाने आना चाहते थे, लेकिन अरौद में ही रुक गए। पति को घटना की जानकारी सुबह करीब 4 बजे मिली। इसके बाद वे बालोद पहुंचे। तब तक केकती की मौत हो चुकी थी।





