महापुरुषों के योगदान को किया याद, देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का लिया संकल्प
उतई। नगर कांग्रेस कमेटी उतई के कार्यालय में शनिवार को देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी एवं सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महान विभूतियों ने देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर सभी कांग्रेसजनों ने दोनों महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने तथा देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नगर कांग्रेस कमेटी उतई के अध्यक्ष प्रहलाद वर्मा, पूर्व अध्यक्ष डिकेंद्र हिरवानी, जिला सचिव बहादुर सिंह नेताम, नेता प्रतिपक्ष द्वारिका साहू, पूर्व एल्डरमैन प्रेम नारायण साहू सहित कांग्रेस के कर्मठ कार्यकर्ता मुकेश साहू, टीकम डोंडे, आशीष रावत, अजय साहू, भूषण साहू, खुमान सिंह ठाकुर, चंचल शर्मा एवं अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





