उतई। रक्षाबंधन के अवसर पर ससुराल गए 25 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा 28 अगस्त को दोपहर करीब 3.30 बजे शैलदेवी महाविद्यालय अंडा के आगे जंजगिरी रोड पर हुआ। मृतक की पहचान योगेश यादव (25 वर्ष), पिता पुसऊ राम यादव, निवासी आशादीप स्कूल के पीछे नेवई भाठा, थाना नेवई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
अंडा थाना प्रभारी शिव प्रसाद चन्द्रा से जानकारी के अनुसार योगेश अपनी पत्नी संगीता यादव और एक वर्षीय बच्चे के साथ रक्षाबंधन पर ससुराल माहूद गया था। वहां से वापस लौटते समय जंजगिरी रोड पर सड़क हादसा हो गया। हादसे में पत्नी संगीता और एक वर्षीय बच्चा सुरक्षित है। पुलिस के अनुसार सीजी 07 एआर 4898 के चालक नितेश कुर्रे द्वारा तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण हादसा हुआ है।
हादसे में योगेश को गंभीर चोटें आईं। उपचार के लिए जिला अस्पताल दुर्ग ले जाने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना से परिवार में शोक का माहौल है।





