धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के बारना गांव में शिक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब सड़क से स्कूल तक पहुंच गया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारना में शिक्षकों की कमी से नाराज ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने मोर्चा खोलते हुए स्कूल में तालाबंदी कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि, शिक्षकों के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है, ऐसे में जिम्मेदार विभाग तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति करे।
शिक्षकों की मांग को लेकर स्कूल में तालाबंदी
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बारना में ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीण धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राएं गाना गाकर भी अपनी नाराजगी जाहिर करते नजर आए।
इन विषयों के शिक्षकों की है कमी
ग्रामीणों और स्कूल प्रबंधन समिति ने बताया कि, विद्यालय में हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, रसायन और भूगोल जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों की कमी है। शिक्षकों के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और उन्हें कई विषयों की पढ़ाई के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
तत्काल नियुक्ति की मांग
स्कूल प्रबंधन समिति और ग्रामवासियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि, विद्यालय में रिक्त पदों पर जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की जाए। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि, बच्चों के भविष्य से जुड़ी इस समस्या का तत्काल समाधान नहीं होने पर उनका आंदोलन आगे भी जारी रह सकता है।





