कोंडागांव जिले के फरसगांव क्षेत्र के ग्राम सिंगारपुरी में नाला पार करते समय रेत के दलदल में फंसने से 34 वर्षीय अरुण मरकाम की डूबने से मौत हो गई।
फरसगांव। कोंडागांव जिले के फरसगांव क्षेत्र के ग्राम सिंगारपुरी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां नाला पार करते समय रेत के दलदल में फंसने से एक युवक की पानी मे डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अरुण मरकाम (34 वर्ष), पिता रामलाल मरकाम, निवासी सिंगारपुरी के रूप में हुई है।
नाला पार करते समय रेत के दलदल में धंसे दोनों पैर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अरुण मरकाम शुक्रवार सुबह बैल लेकर खेत में हल जोतने गया था। करीब 10 बजे खेत से लौटते समय सिंगारपूरी और हिर्री के बीच स्थित गोरडूम नाला पार करते वक्त उसके दोनों पैर रेत के दलदल में धंस गए। संतुलन बिगड़ने से वह मुंह के बल पानी में गिर गया और बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई।
दलदल से निकालकर ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने परिजनों को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को दलदल से बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।





