रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 66 लाख से अधिक माताओं और बहनों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से योजना की 29वीं किस्त जारी करते हुए डीबीटी के माध्यम से 626.25 करोड़ रुपये सीधे लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित किए।
66 लाख से अधिक महिलाओं को मिला लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना की 29वीं किस्त के तहत 66 लाख से अधिक पात्र महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं।
अब तक 18,805.83 करोड़ रुपये का भुगतान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि योजना के तहत अब तक 29 किश्तों में कुल 18,805.83 करोड़ रुपये महिलाओं के बैंक खातों में सीधे भेजे जा चुके हैं। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
योजना से बदल रही महिलाओं की जिंदगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों के दौरे के दौरान महिलाओं ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि से उन्होंने छोटे व्यवसाय शुरू किए हैं, सिलाई-कढ़ाई और अन्य स्वरोजगार अपनाए हैं। कई परिवार बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भी इस राशि का उपयोग कर रहे हैं।
ई-केवाईसी जल्द पूरा करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ सुनिश्चित करने के लिए ई-केवाईसी की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। विशेष रूप से बस्तर संभाग में इस कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।
1 मार्च 2024 से लागू है योजना
महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से पूरे छत्तीसगढ़ में लागू है। इसके तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ परिवार के पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।





