बिलासपुर। बिलासपुर में भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष और प्रशिक्षण प्रभारी रूपनारायण सिन्हा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता दिलाई।
दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया
जानकारी के मुताबिक रुपनारायण सिन्हा को अचानक सीने में तेज दर्द और घबराहट महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में ले जाया गया। डॉक्टरों की टीम ने तत्काल उपचार शुरु किया, लेकिन हालत गंभीर बनी रही।
इलाज के दौरान हुई मौत
सूत्रों के अनुसार उपचार के दौरान रुपनारायण सिन्हा ने दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर फैल गई। प्रशिक्षण शिविर में मौजूद कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी ली।
कैबिनेट मंत्री का प्राप्त था दर्जा
रुपनारायण सिन्हा छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष थे और उन्हें राज्य सरकार की ओर से कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। संगठन और सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका मानी जाती थी।
कार्यक्रम में जुटे थे प्रदेशभर के कार्यकर्ता
बिलासपुर में आयोजित इस दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान में प्रदेशभर से भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए थे। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए माहौल गमगीन हो गया।





