इंदिरा नगर-गायत्री नगर में बढ़ते लोड से बिजली संकट, अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग
उतई। नगर निगम रिसाली अंतर्गत ग्राम डुंडेरा में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को नगर निगम रिसाली के पूर्व एल्डरमेन तरुण बंजारे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण रिसाली बिजली कार्यालय पहुंचे और सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की बिजली समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि डुंडेरा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से प्रतिदिन एक से दो घंटे तक बिना सूचना बिजली बंद की जा रही है। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली बाधित होने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। घरों के कार्यों के साथ पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व एल्डरमेन तरुण बंजारे ने कहा कि इंदिरा नगर स्थित ट्रांसफॉर्मर पिछले छह महीनों से बंद पड़ा हुआ है, जिसके कारण आसपास के रहवासियों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। वहीं गायत्री नगर में स्थापित ट्रांसफॉर्मर पर अत्यधिक लोड होने से वह दोपहर और रात के समय बार-बार बंद हो जाता है।
उन्होंने बताया कि गांव में लगे कई ट्रांसफॉर्मरों के कटआउट भी जर्जर स्थिति में हैं, जिससे कभी भी बड़ा तकनीकी हादसा होने की आशंका बनी हुई है। ज्ञापन में सभी खराब कटआउट बदलकर नए लगाने की मांग की गई है।
इसके अलावा नेवई, डुंडेरा और जोरातराई क्षेत्र के लिए स्वीकृत एफओसी वाहन को केवल इसी क्षेत्र में कार्य हेतु निर्धारित करने तथा स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए अलग कॉल सेंटर नंबर जारी करने की मांग भी बिजली विभाग से की गई है, ताकि इन ग्रामों की समस्याओं का निराकरण शीघ्र किया जा सके।
इस दौरान ईश्वर साहू, विजय देवांगन, ताम्रध्वज देवांगन, गुलशन यादव, दीपक साहू, योगेश फेकर, मोनू तिवारी, छंगा साहू, अमोली राम, बिसेशर कुर्रे, टीकाराम बंजारे, टेकसिंह साहू, टीकम साहू, हरिराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।





