पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम बेलौदी में गुपचुप खाने के बाद 26 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी दस्त की शिकार एक महिला की मंगलवार शाम मौत हो गई। घटनाा जामगांव आर थाना क्षेत्र की है। मृत महिला सरस्वती निषाद पति अशोक निषाद उम्र 45 वर्ष सोमवार को गांव में गुपचुप खाया था। जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी।
उल्टी दस्त की शिकायत
मिली जानकारी के अनुसार महिला उल्टी दस्त की शिकायत होने के बाद निजी डॉक्टर के पास पहुंची थी। दवाई खाने के बाद भी जब राहत नहीं मिली तो मंगलवार को गाड़ाडीह के अस्पताल में भर्ती हुई। जहां शाम लगभग 4 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पाटन में कराया भर्ती
इधर बेलौदी गांव में गुपचुप खाने के बाद लगभग 26 लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। जिनमें से तीन लोगों को उपचार के लिए पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। इधर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम भी गांव पहुंची। जहां राहत कैंप लगाकर लोगों की जांच की गई। उसके बाद उपचार किया गया। मंगलवार को बीएमओ डॉक्टर कठौतिया ने बताया की स्थिरति नियंत्रण में है। उल्टी दस्त के शिकायत वाले मरीज को दवाई देकर उनका उपचार किया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने लिया जायजा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को बेलौदी पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने गांव में लगाए गए विशेष स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया और पीड़ित मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। पूर्व मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को दिए जा रहे उपचार, दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गांव में चिकित्सा सुविधाएं और मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित लोगों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस दौरान भूपेश बघेल गांव की मृतका सरस्वती निषाद के घर भी पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।





